नकोदर , जून 07 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मेहतपुर के गांव बंगीवाल निवासी दलित युवक लवप्रीत सिंह उर्फ लाभा की कथित पुलिस फायरिंग में हुई मौत की कड़ी निंदा करते हुए मामले में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से इस मामले का स्वतः संज्ञान (सुओ मोटू) लेकर स्वतंत्र न्यायिक जांच सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
श्री खैरा ने रविवार को कहा कि जहां पुलिस इस घटना को आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बता रही है, वहीं मृतक के परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि लवप्रीत की पहले बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में उसे गोली मार दी गई। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं दी गई।कांग्रेस विधायक ने कहा कि इन परस्पर विरोधी दावों को देखते हुए मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र न्यायिक जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक की पुलिस फायरिंग में मौत होने पर केवल विभागीय जांच पर्याप्त नहीं है। ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित