ललितपुर , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात कारणों के चलते कक्षा 11वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नेहरू नगर निवासी हर्ष रैकवार (16) अपने घर के ऊपरी कमरे में था। बताया गया कि उसकी मां ने उसे बाजार से दूध लाने के लिए आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर जब वह कमरे में पहुंचीं तो देखा कि हर्ष कुंदे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।

परिजनों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच प्रारंभ कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित