ललितपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सोमवार को मछली पकड़ने गए एक मछुआरे की नदी में डूबने से मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मदनपुर थाना क्षेत्र निवासी हरचंदी उर्फ माखन (35) सोमवार सुबह गांव के पास बहने वाली ऑडी नदी में मछली पकड़ने गया था। बताया गया कि वह नदी में जाल डालकर मछली पकड़ रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूब गया।

घटना को देख रहे ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की सहायता से तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में सर्च अभियान चलाकर गहराई से शव को बाहर निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित