ललितपुर , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को शहजाद बांध (गोविंद सागर बांध) में एक लापता युवक का शव उतराता मिला। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया क्षेत्र में शहजाद नदी के बांध के पानी में एक युवक का शव लहूलुहान अवस्था में तैरता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान मोहल्ला लक्ष्मीपुरा निवासी 22 वर्षीय संदीप राजा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि संदीप गुरुवार को बिना बताए घर से चला गया था और वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों ने बीती रात ही उसके गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। परिजनों का आरोप है कि संदीप के शरीर और गले पर चोट के निशान थे तथा नाक और कान से खून निकल रहा था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित