ललितपुर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र में बुधवार को पिकअप और टैक्सी की आमने-सामने की भिड़ंत में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि टैक्सी में सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जखौरा थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव निवासी महेंद्र (28) पुत्र खुशीलाल अपनी टैक्सी से बांसी गांव से लखनपुरा लौट रहा था। टैक्सी में गांव के ही आयुष (18) पुत्र बलराम तथा कांशीराम (22) पुत्र रामप्रसाद सवार थे। बताया गया कि ग्राम बांसी स्थित पुलिस चौकी के निकट सामने से आ रही एक पिकअप ने टैक्सी में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में टैक्सी चालक महेंद्र सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद महेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया।

चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित