ललितपुर , अक्टूबर 13 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के बानपुर क्षेत्र में मंगलवार को दसवीं की छात्रा का शव कुएं के पानी में उतराता मिला।
पुलिस ने बताया कि बानपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम पाह निवासी राजकुमारी (17) पुत्री कैलाश का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं के पानी में उतराता मिला। सूचना मिलने पर पहुॅची पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया व मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर जांच प्रारम्भ कर दी।
मृतका के चाचा गोकुल ने बताया कि राजकुमारी का बीते रविवार को ग्राम की एक महिला से विवाद हुआ था, इसलिये संदेह की स्थिति पैदा हो रही है। इसकी निष्पक्ष जांच की जाना चाहिये। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। यदि कोई दोषी निकलता है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित