ललितपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में शनिवार को ट्रैक्टर से गिरकर एक बुजुर्ग महिला और उसकी परनातिन की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम भारौनी निवासी गौराबाई अहिरवार (75) अपनी ढाई वर्षीय परनातिन राधिका के साथ परिजनों संग खेत पर गेहूं की थ्रेसिंग कराने गई थीं। थ्रेसिंग के बाद अचानक बारिश शुरू होने पर परिवार के लोग अनाज को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में असंतुलन के कारण गौराबाई अपनी परनातिन के साथ ट्रैक्टर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजन दोनों को उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित