ललितपुर , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के पाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दादा और चाचा घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पटउआ निवासी सौरभ राजपूत (20) अपने दादा हल्के (65) और चचेरे चाचा मुकेश (40) के साथ झांसी के रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय से दादा का इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे थे कि कैलगुवां तिराहे के पास शहजाद नदी के निकट पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि हल्के और मुकेश को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित