ललितपुर , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में घरेलू कलह से क्षुब्ध एक महिला ने सोमवार को अपने दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में महिला और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली जाखलौन क्षेत्र के धौर्रा गांव निवासी दीपा यादव (35) की शादी थाना पाली क्षेत्र के चंदेरा गांव निवासी विक्की यादव से हुई थी। दीपा अपने माता-पिता की इकलौती संतान होने के कारण विवाह के बाद पति के साथ मायके में ही रह रही थी। बताया गया कि विक्की यादव शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर पत्नी तथा बच्चों के साथ मारपीट करता था, जिससे घर में आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद वह काम पर चला गया।
इसी दौरान दीपा अपनी चार वर्षीय बेटी शुभांगी और दो वर्षीय बेटे कृष को लेकर घर से निकल गई। उसकी बड़ी बेटी शिवांगी (पांच वर्ष) उस समय स्कूल गई हुई थी। धौर्रा रेलवे स्टेशन के निकट रणछोड़ रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचकर दीपा ने भोपाल की ओर जा रही ट्रेन के सामने दोनों बच्चों को लेकर छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर धौर्रा रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के साथ पति द्वारा शराब के नशे में मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी से आहत होकर महिला ने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि पति विक्की यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बड़ी पुत्री शिवांगी स्कूल में होने के कारण इस घटना में सुरक्षित बच गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित