ललितपुर , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में गुरूवार को जिला कारागार में निरूद्ध सुहागिन महिलाओं ने पतियों की लम्बी उम्र व अखण्ड सुहाग की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत पूरा किया।

जेल प्रशासन ने भी महिला बंदियों की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान करते हुये करवाचौथ के व्रत को लेकर खास तैयारियां की थीं। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रही महिला व दहेज उत्पीड़न में विचाराधीन कैदी महिला समेत सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा।

प्रभारी जेल अधीक्षक प्रशांत उपाध्याय ने बताया कि कारागार में निरूद्ध महिला बंदियों की धार्मिक भावनाओं व आस्था का विशेष ध्यान रखते हुये सुहागिन महिलाओं को मिट्टी का करवा, सीकें, छन्नी, दो दो दीपक, श्रृंगार सामग्री, कैलेण्डर व सात प्रकार की मिठाई, चुनरी एवं चूड़ियाँ उपलब्ध कराई गई है। पूजन व श्रृंगार का सामान व व्रत से जुड़ी अन्य सभी जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसी की मानवीय संवेदनाओं व आस्था का दमन नहीं होने दिया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित