टिहरी , जुलाई 28 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के लम्बगांव क्षेत्र में औषधि नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दो मेडिकल स्टोरों के क्रय-विक्रय एवं संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने आज लम्बगांव क्षेत्र के औषधि प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी व्यवस्था, दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख, भंडारण व्यवस्था तथा अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दो औषधि विक्रय फर्मों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उनके संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। इसके अलावा जिन अन्य मेडिकल स्टोरों में कमियां मिलीं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर सभी अनियमितताओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने, औषधियों के सुरक्षित भंडारण तथा औषधि नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित