दरभंगा , अगस्त 31 -- ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि), दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को हाइब्रिड मोड में सिंडिकेट की बैठक हुई, जिसमें संबद्धता प्राप्त महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा में सत्र 2027-29 से हिन्दी, इतिहास एवं राजनीति विज्ञान विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू करने की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई।कुलपति के आवासीय कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से सिंडिकेट के सदस्यों ने भाग लिया।

सदस्य प्रो. हरि नारायण सिंह के प्रस्ताव पर महात्मा गांधी कॉलेज में सत्र 2027-29 से हिन्दी, इतिहास एवं राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने पर सर्वसम्मति से सैद्धांतिक सहमति दी गई। बैठक में संबंधित प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया।

बैठक में हाल ही में डिग्री कॉलेजों में प्रभारी प्रधानाचार्य बनाए गए वैसे शिक्षकों, जो एक वर्ष के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं अथवा अस्वस्थ हैं, के आवेदन पर मानवीय आधार पर उन्हें उनके मूल पद पर वापस करने संबंधी निर्णय लेने के लिए कुलपति को अधिकृत किया गया।

ऑनलाइन बैठक में शामिल डॉ. बैद्यनाथ चौधरी 'बैजू' ने साक्षात्कार दे चुके शिक्षकों के पदोन्नति की अधिसूचना जारी करने की मांग की। इस पर कुलपति ने शेष शिक्षकों के साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया।

कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसदा ने बैठक का संचालन करते हुए सदस्यों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जो बिहार के अन्य विश्वविद्यालयों में संचालित नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित