लेह , नवंबर 08 -- लद्दाख से लोकसभा सांसद मोहम्मद हनीफा जान ने केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को पत्र लिखकर लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) के आगामी चुनावों के प्रस्तावित कार्यक्रम पर पुनर्विचार करने और इसे स्थगित करने की मांग की है।
इस पत्र की एक प्रति लद्दाख के राज्य चुनाव आयुक्त को भी भेजी गई है।
सांसद मोहम्मद हनीफा ने पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि लद्दाख की अनूठी भौगोलिक स्थिति, अत्यधिक ऊंचाई और कारगिल एवं लेह जिलों में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड के कारण सर्दियों के दौरान हालात बेहद कठिन हो जाते हैं। इस मौसम में भारी बर्फबारी, शून्य से नीचे तापमान, प्रमुख सड़कों के बंद होने तथा परिवहन और संचार सुविधाओं के अक्सर बाधित होने से दूरदराज के इलाकों के नागरिकों के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंचना और अपने मताधिकार का प्रयोग करना बहुत कठिन हो जाता है।
इसके अलावा, पत्र में यह भी रेखांकित किया गया है कि लद्दाख की एक बड़ी आबादी-जिसमें वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी और अन्य निवासी शामिल हैं। सर्दियों के महीनों में गर्म क्षेत्रों की ओर मौसमी प्रवास पर जाती है। वहीं, बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लद्दाख से बाहर रहते हैं। ऐसे में इन परिस्थितियों पर उचित ध्यान दिए बिना चुनाव कराने से कई योग्य मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित रह जाएंगे।
सांसद ने द्रास, जांस्कर, चांगथांग और दोनों जिलों के अन्य दूरदराज के क्षेत्रों में विशाल दूरियों और कठिन पहाड़ी इलाके का हवाला देते हुए मतदाता सूचियों के व्यापक और पारदर्शी संशोधन के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इतनी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जल्दबाजी में या मनमाने चुनावी समयसीमा के तहत नहीं किया जाना चाहिए।
अपनी इस मांग के तहत सांसद ने उपराज्यपाल से आग्रह किया है कि सर्दियों की कठिनाइयों के कम होने और सार्वजनिक भागीदारी के अनुकूल स्थिति बनने तक एलएएचडीसी चुनावों की प्रक्रिया को स्थगित रखा जाए। साथ ही, मतदाता सूचियों के समावेशी संशोधन के लिए पर्याप्त समय सुनिश्चित किया जाए और चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देने से पहले जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और अन्य हितधारकों के साथ उचित परामर्श किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित