लेह , नवंबर 01 -- केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख के काफी ऊंचाई वाले जगहों पर केसर की खेती में एक नई सफलता हासिल हुई है। सामान्य तौर पर फूल खिलने में लगने वाले दो महीने के समय के विपरीत यहां रिकॉर्ड 30 दिनों के भीतर केसर के फूल खिलना शुरू हो गए हैं।

लेह में हाल ही में बंजर भूमि को लेकर एक प्रयोग किया गया था और इसमें जमीन की कुछ देखभाल के बाद प्रयोग के तौर पर केसर की खेती शुरू की गयी। अब इस खेती ने पहले ही महीने रंग लाना शुरू कर दिया है।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा है कि वर्तमान में औसतन 20 से 25 फूल रोजाना खिल रहे हैं, जबकि आज सुबह 72 फूल खिले। केवल चार दिनों के भीतर ही लगभग 22 ग्राम शुद्ध केसर एकत्र किया जा चुका है। उपराज्यपाल ने इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कृषि विभाग, समर्पित वैज्ञानिकों और मैदानी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित