श्रीनगर , नवंबर 10 -- लद्दाख प्रशासन ने मंगलवार को लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय क्षेत्र विकास परिषद (एलएएचडीसी) के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर दी। मतदान चार दिसंबर को होगा।
इस बीच कारगिल में कई स्थानीय संगठनों ने इस घोषणा और सर्दियों में चुनाव कराने के विरोध में आज बंद का आह्वान किया है।
राज्य चुनाव आयुक्त सुधांशु पांडे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उम्मीदवार 17 नवंबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन की छंटनी 18 नवंबर को सुबह 11 बजे संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में होगी और नाम वापसी की आखिरी तारीख 20 नवंबर दोपहर तीन बजे तक है। अगर ज़रूरत पड़ी, तो चार दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा और पूरी प्रक्रिया आठ दिसंबर तक पूरी होगी।
यह चुनाव कार्यक्रम लद्दाख प्रशासन की एक अधिसूचना के बाद आया है, जिसमें केंद्र शासित प्रदेश के सभी चुनाव क्षेत्रों से नयी परिषद के लिए सदस्य चुनने के लिए कहा गया है।
लद्दाख की सांसद हनीफा जान , स्थानीय नेताओं , राजनीतिक दलों और व्यापारिक संगठनों ने एक संवाददाता सम्मेलन में सर्दियों के मौसम में और मौसमी प्रवास के कारण कम मतदान की आशंका जताते हुए आज पूर्ण बंद का आह्वान किया है।
कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के सह-अध्यक्ष सज्जाद कारगिली ने कहा कि बंद का मकसद प्रस्तावित चुनावों, परिसीमन और लद्दाख में लोकतंत्र को कमज़ोर करने की कोशिशों पर ध्यान खींचना था। उन्होंने कहा कि आज शाम को कारगिल में "सेव डेमोक्रेसी" बैनर के तहत एक कैंडल मार्च निकाला जायेगा।
सांसद हनीफ़ा जान ने भी उपराज्यपाल को लिखा है, जिसमें उनसे चुनाव कार्यक्रम पर फिर से सोचने और उसे टालने, मतदाता सूची में पूरी तरह से बदलाव के लिए काफ़ी समय देने और इसे अंतिम रुप देने से पहले सभी हितधारकों से सलाह लेने की अपील की है। इसके अलावा, जमीयत उल उलेमा इस्ना अशरिया ने खराब मौसम और मौसमी प्रवास का हवाला देते हुए चुनाव अप्रैल-मई 2027 तक टालने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित