लेह , जून 20 -- उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने तीन दिवसीय लद्दाख दौरे के दूसरे दिन शनिवार को यहां हॉल ऑफ फेम युद्ध स्मारक, पवित्र सिंधु घाट, उप्शी स्थित पश्मीना बकरी फार्म तथा सिंधु नदी पर निर्मित पहले रॉक चेक डैम का दौरा किया और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की पांचवीं बटालियन के जवानों से मुलाकात कर अपने वीर सैनिकों की शहादत को नमन किया।

श्री राधाकृष्णन के साथ इस दौरान लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति ने यहां स्थित हॉल ऑफ फेम युद्ध स्मारक में भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 'राष्ट्र सर्वोपरि, हर समय और हर परिस्थिति में' की भावना से प्रेरित सशस्त्र बलों की अटूट प्रतिबद्धता प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति और कृतज्ञता का भाव जागृत करती है। सेना द्वारा स्थापित और संरक्षित इस स्मारक की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश के सैनिकों के साहस, शौर्य और बलिदान की गौरवशाली विरासत का जीवंत प्रतीक है। भारत-पाकिस्तान तथा भारत-चीन युद्धों से संबंधित दीर्घाओं का अवलोकन करने के बाद उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह सब हमारे सशस्त्र बलों के समर्पण और वीरता के स्थायी साक्ष्य हैं।

उपराष्ट्रपति ने लेह के निकट पवित्र सिंधु घाट पर पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने कहा कि सिंधु नदी भारत की सभ्यतागत विरासत और सांस्कृतिक एकता का शाश्वत प्रतीक है, जो अपनी अमिट धरोहर के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी देशवासियों को प्रेरित करती रही है। उप्शी स्थित पश्मीना बकरी फार्म का भी दौरा करते हुए उन्होंने कहा कि पश्मीना क्षेत्र ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने तथा महिलाओं के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सिंधु नदी पर निर्मित पहले रॉक चेक डैम का भी निरीक्षण किया।

श्री राधाकृष्णन ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की पांचवीं बटालियन के जवानों से मुलाकात कर कठिनतम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति उनके अटूट समर्पण, व्यावसायिक दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जवानों का साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उपराष्ट्रपति 19 से 21 जून तक लद्दाख के आधिकारिक दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वह 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भी भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित