श्रीनगर , अगस्त 22 -- लद्दाख के सीमावर्ती इलाकों में आम लोगों के लिए हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नुब्रा घाटी स्थित थोइस हवाईअड्डे से दिसंबर 2026 तक व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि कारगिल हवाईअड्डे पर नागरिक उड़ानों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक सितंबर को संयुक्त निरीक्षण किया जायेगा।

लद्दाख के एक प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में रक्षा मंत्रालय, भारतीय वायु सेना, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन के अधिकारियों के साथ इन दो हवाईअड्डों की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की।

वायु सेना ने थोइस में नया सिविल टर्मिनल बनाने के लिए पांच एकड़ जमीन मंजूर की है, जबकि रनवे की री-कार्पेटिंग का काम चल रहा है और इसके नवंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इस बीच दिसंबर तक नागरिक संचालन शुरू करने के लिए मौजूदा चार्टर्ड-फ्लाइट टर्मिनल को ठीक-ठाक किया जायेगा।

श्री सक्सेना ने एएआई को निर्देश दिया कि वे मौजूदा टर्मिनल से व्यावसायिक उड़ानें चलाने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे की जानकारी केंद्र शासित प्रशासन को सौंपें, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जरूरी मरम्मत और सुधार का काम करेगा।

कारगिल हवाईअड्डे पर बुनियादी ढांचे, तकनीकी जरूरतों और नागरिक संचालन की तैयारियों का आकलन करने के लिए 01सितंबर को उपराज्यपाल की मौजूदगी में वायु सेना, एएआई और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित