श्रीनगर , अक्टूबर 20 -- लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा है कि लेह में बने लद्दाख के पहले मेडिकल कॉलेज का शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, उपराज्यपाल ने कहा कि मंत्रालय ने फैकेल्टी और कर्मचारियों की भर्ती शुरू करने से पहले बुनियादी ढांचे के 80 प्रतिशत हिस्से को पूरा करने की अनिवार्य शर्त से एक बार की छूट दे दी है।

उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उनके अनुरोध पर इस छूट को मंजूरी दी। इससे प्रशासन को समर्पित शैक्षणिक बुनियादी ढांचे का निर्माण जारी रहने के दौरान 103 स्वीकृत नियमित पदों के लिए प्रारंभिक भर्ती शुरू करने की अनुमति मिल जाएगी।

उपराज्यपाल ने कहा, "यह मंजूरी लद्दाख के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा को पूरा करती है।"अधिकारियों ने बताया कि एक अंतरिम व्यवस्था के रूप में, शैक्षणिक ब्लॉक और छात्रों के हॉस्टल के रूप में उपयोग के लिए दो नई इमारतों की पहचान की गई है। लगभग 60 अनुभवी डॉक्टरों से लैस मौजूदा 200 बिस्तरों वाला एसएनएम अस्पताल एमबीबीएस के पहले बैच के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दे सकता है।

श्री सक्सेना ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से युवाओं को अपने घर के करीब चिकित्सा शिक्षा लेने के मौके मिलेंगे और लंबे समय में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि मेडिकल छात्रों के पहले बैच के स्वागत के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित