नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को महान पार्श्व गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी असाधारण गायन प्रतिभा, भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाने में उनके योगदान और देश की प्रगति एवं समृद्धि से जुड़ी पहलों को प्रोत्साहित करने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का स्मरण किया।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, " अपनी दिव्य गायन शैली से दुनिया भर में देश का मान बढ़ाने वाली आदरणीय लता दीदी को उनकी जयंती पर मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। उन्होंने न केवल अपनी मधुर आवाज से भारत को समृद्ध किया, बल्कि राष्ट्र की समृद्धि से जुड़ी हर पहल को लगातार प्रोत्साहित भी किया। भारतीय संगीत जगत में उनका अतुलनीय योगदान आने वाली पीढ़ियों तक याद रखा जायेगा।"'भारत की स्वर कोकिला' के रूप में विख्यात लता मंगेशकर का संगीतमय सफर कई दशकों तक फैला रहा। भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे प्रतिष्ठित पार्श्व गायिकाओं में शामिल लता दीदी ने अनेक भारतीय भाषाओं में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी।

अट्ठाइस सितंबर, 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्मीं लता मंगेशकर ने छोटी उम्र में ही अपनी संगीत यात्रा शुरू कर दी थी और आगे चलकर वह भारतीय सिनेमा की पहचान बन गयीं। उनके गाये रोमांटिक गीतों, भक्ति रचनाओं, देशभक्ति के तरानों और शास्त्रीय संगीत पर आधारित फ़िल्मी नगमों ने उन्हें करोड़ों श्रोताओं के दिलों में एक अद्वितीय स्थान दिलाया।

वर्ष 1963 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की उपस्थिति में प्रस्तुत किया गया, उनका ऐतिहासिक देशभक्ति गीत 'ऐ मेरे वतन के लोगों' भारतीय सैनिकों को दी गयी सबसे यादगार संगीतमय श्रद्धांजलि बना हुआ है।

उनकी विशाल संगीत यात्रा में कालातीत हिंदी फिल्मी गीत और कई क्षेत्रीय भाषाओं की रचनाएं शामिल हैं, जिन्हें आज भी पीढ़ियों से सराहा जा रहा है। भारतीय संगीत में उनके असाधारण योगदान के लिए लता मंगेशकर को 2001 में 'भारत रत्न' सहित देश के कई सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा गया।

अपने शानदार करियर के दौरान उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

छह फरवरी, 2022 को 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे एक ऐसी संगीतमय विरासत छोड़ गयीं, जो पीढ़ियों की सीमाओं को लांघकर अमर रहेगी।

श्री मोदी ने श्रद्धांजलि संदेश में न केवल उनकी असाधारण आवाज और संगीत में अतुलनीय योगदान को नमन किया, बल्कि देश के विकास और समृद्धि से जुड़ी पहलों के प्रति उनके प्रोत्साहन को भी याद किया और कहा कि उनका योगदान युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित