नयी दिल्ली , जुलाई 26 -- दिल्ली सरकार ने लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनसिका शर्मा झा और रेनू भल्ला को आयोग के सदस्य के रूप में नामित किया गया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष और इसके सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई और अपनी शुभकामनाएं दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नयी टीम महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा, अधिकारों और सशक्तिकरण को एक नयी दिशा देने के लिए सरकार के साथ समन्वय स्थापित करेगी और एक संवेदनशील, न्यायसंगत तथा सुरक्षित राष्ट्रीय राजधानी के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों से आयोग के कामकाज में नयी गति आएगी, जिससे महिलाओं के लिए न्याय, सुरक्षा और सहायता प्राप्त करना और अधिक प्रभावी हो जाएगा। इस बीच, दिल्ली सरकार ने निर्मल जैन को दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को इसके सदस्य के रूप में नियुक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि दिल्ली सरकार समाज के सभी वर्गों के अधिकारों, गरिमा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। ये नियुक्तियां अधिकारों, गरिमा और सामाजिक कल्याण को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव तथा समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित