भिण्ड , जून 13 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में बाजार से खरीदे गए बूंदी के लड्डू खाने के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में इसे खाद्य विषाक्तता का मामला बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झांसी मोहल्ला निवासी दिलशाद खान बस स्टैंड स्थित एक डेयरी से बूंदी के लड्डू खरीदकर घर लाए थे। लड्डू खाने के कुछ समय बाद दिलशाद खान, उनकी पत्नी खुशबू खान तथा उनके दोनों पुत्र अरशद और अयान की तबीयत खराब होने लगी। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित डेयरी और उसके गोदाम का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर के नेतृत्व में टीम ने बूंदी के लड्डू, बेसन, तेल तथा अन्य खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भोपाल भेज दिए हैं। किरण सेंगर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं डेयरी संचालक संजय गुप्ता ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनके प्रतिष्ठान में स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का पालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस दिन संबंधित परिवार ने लड्डू खरीदे थे, उसी दिन अन्य ग्राहकों को भी वही लड्डू बेचे गए थे, लेकिन किसी अन्य व्यक्ति की ओर से ऐसी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है और वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित