जयपुर , जून 04 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर लचर कानून-व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसकी नाकामी के कारण आज सुरक्षित राजधानी जयपुर 'क्राइमपुर' बनने की ओर अग्रसर है।

श्री गहलोत ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि सोडाला में मंदिर से लौट रही 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बेरहमी से सड़क पर पटककर लूट लिया जाता है और न्यू सांगनेर रोड पर स्कूटी सवार बेटियों को गिराकर पर्स छीन लिया जाता है। साठ घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

उन्होंने कहा कि इस लचर कानून-व्यवस्था से आम जनता अत्यंत भयभीत है। कभी छेड़छाड़, कभी लूटपाट, ऐसा लगता है कि पुलिस का इकबाल बिल्कुल खत्म हो गया है। खौफ का ऐसा माहौल पैदा हो गया है कि महिलाओं ने घरों से बाहर निकलना बंद करने जैसी स्थिति बना ली है।

उन्होंने कहा कि खोखले विज्ञापनों से बाहर निकलकर भाजपा सरकार कानून का इकबाल बुलंद करे, वरना राजस्थान की जनता इस प्रशासनिक पंगुता को बर्दाश्त नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित