रायपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपी दिलकश अली के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करते हुए उसे तीन महीने के लिए रायपुर सहित छह जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत यह आदेश मंगलवार को जारी किया है। आदेश के अनुसार दिलकश अली पिता हुमायूं अली (26), तरुण नगर, जीवन प्लाजा के पीछे, सिविल लाइन क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2019 से दिलकश अली के खिलाफ लगातार आपराधिक प्रकरण दर्ज होते रहे हैं। सिविल लाइन और पंडरी थानों में उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, चाकूबाजी और शस्त्र अधिनियम सहित कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया। इसके बाद पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण की जांच की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित