लखीसराय , मार्च 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को कहा कि लखीसराय जिले में डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष 111 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 76 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार आज समृद्धि यात्रा के दौरान लखीसराय के कजरा सोलर पावर प्लांट परिसर के पास आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि लखीसराय में विकास के कई कार्य कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि लखीसराय बाईपास का निर्माण कराया गया है। मुंगेर के रेल-सह-सड़क पुल एवं घोरघट पुल के निर्माण से लखीसराय जिले को काफी फायदा हुआ है। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है।

श्री कुमार ने कहा कि महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। कर्पूरी छात्रावास एवं 3 आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। लखीसराय में सिंचाई सुविधाओं का विकास किया गया है। नहरों का विस्तारीकरण तथा 23 पक्के चेकडैम का निर्माण कराया गया है। लखीसराय के ऐतिहासिक लाल पहाड़ी पर म्यूजियम का निर्माण कराया गया है। लखीसराय जिले की आठ योजनाओं की स्वीकृति दी गयी, जिन पर काम चल रहा है जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित