लखीसराय , जून 13 -- जिला नियोजनालय, लखीसराय में शनिवार को एक दिवसीय जॉब कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर आमधनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। जॉब कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने बायोडाटा एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष उपस्थित हुए।कुल 36 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए, जिनका कंपनी द्वारा योग्यता एवं अनुभव के आधार पर मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के बाद 13 अभ्यर्थियों का औपबंधिक (प्रोविजनल) रूप से चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से आगे की नियुक्ति प्रक्रिया एवं प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के जॉब कैंप युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जिला नियोजनालय द्वारा लगातार रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ा जा सके।उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित