लखीसराय , जुलाई 29 -- ्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने, नियंत्रण कक्ष से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा प्रत्येक घटना की त्वरित सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोग चेक लिस्ट बना के कार्य करें ऐसा करने से सभी कार्य सही समय पर सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो जाते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें। असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल एवं कांवड़िया पथ पर विशेष चौकसी बरतने को कहा गया।
अपर समाहर्ता ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया, जबकि उप विकास आयुक्त महोदय ने गर्भ गृह के साथ साथ अन्य सभी स्थलों पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा सभी प्रतिनुक्त मजिस्ट्रेट को क्राउड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि सावन माह के प्रत्येक रविवार के रात से ही सोमवारी को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है, जिस कारण क्राउड मैनेजमेंट खाश महत्व रखता है। इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने क्षेत्रवार प्रतिनियुक्ति, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा से अधिकारियों को अवगत कराया।
ब्रीफिंग में स्वास्थ्य विभाग को 24x7 चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नगर परिषद को नियमित साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल एवं कचरा निष्पादन की व्यवस्था बनाए रखने, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन विभाग को त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहने तथा परिवहन विभाग को सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को संयुक्त आदेश का अक्षरशः पालन करते हुए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया, जिससे श्रावणी मेला-2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक साइबर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित