लखीसराय , मार्च 17 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के सफल आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के संधारण के लिये एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी 19 मार्च को कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट में आयोजित "समृद्धि यात्रा" कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये।

जिलाधिकारी श्री मिश्र ने संबंधित सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं तथा भीड़ नियंत्रण के लिये पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को रूट लाइनिंग, पार्किंग व्यवस्था एवं वीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा टीम, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, नगर निकाय को साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा परिवहन विभाग को यातायात सुचारू बनाए रखने के लिये समुचित योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीम को भी अलर्ट रहने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया, जिससे कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित