लखीसराय , मार्च 17 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार को आगामी चैत्र नवरात्र, ईद-उल-फितर, चैती छठ, रामनवमी एवं महावीर जयंती के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिये जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रमुख स्थलों एवं मेलों में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत प्रत्येक मेला क्षेत्र में फायर ब्रिगेड वाहन एवं प्रशिक्षित फायरमैन की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके। पंडालों में सुरक्षा की दृष्टि से प्रवेश एवं निकास द्वारों की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारु रूप से किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सादे लिवास में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। पूजा स्थलों पर अश्लील गानों के प्रसारण पर पूर्णतः रोक लगाने का निर्देश दिया गया। सभी आयोजकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि धार्मिक कार्यक्रमों की गरिमा बनी रहे। इसके अतिरिक्त, पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस बल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया जाएगा।

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के सदस्यों से अनुरोध किया गया कि वे किसी भी प्रकार के आयोजन, जुलूस या पूजा कार्यक्रम के लिए आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करें तथा सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह, सहित सभी संबंधित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित