लखीसराय , अप्रैल 15 -- बिहार के लखीसराय जिले में रामगढ़ चौक थाना की पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिली थी कि खड़गवारा गांव में अशोक यादव के मकान में शराब की एक बड़ी खेप उतारी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उक्तठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पिकअप वैन पर लदी 1379 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी। मौके से एक पिकअप वैन और एक ई-रिक्शा को जब्त करने के साथ ही छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में राजा पासवान, छोटू कुमार, संतोष कुमार और अभिषेक कुमार (सभी लखीसराय निवासी) तथा रूपेश कुमार साव और दीपक कुमार (दोनों बोकारो, झारखंड निवासी) शामिल हैं। शराब और वाहनों के अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से आठ मोबाइल फोन, 25 बोरा कच्चा कुरकुरे और 5200 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाने में जुट गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित