लखीमपुर खीरी , मार्च 16 -- लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनियां क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनवीरपुर में सोमवार को दिनदहाड़े एक घर में तेंदुआ घुस आया और उसने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

सूत्रों के अनुसार घर में मौजूद तेंदुए ने बब्बू नामक व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन क्षेत्र होने के बावजूद भी ड्यूटी पर तैनात वन कर्मी नियमित गश्त नहीं करते, जिसके कारण इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि तेंदुए का पकड़ में न आना वन विभाग की लापरवाही को दर्शाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार को भी क्षेत्र के ग्राम रननगर में एक स्थान पर तेंदुआ देखा गया था, लेकिन उस समय वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण इतने भयभीत हैं कि बच्चों की सुरक्षा के लिए घर का दरवाजा खोलने से भी डर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित