लखीमपुर खीरी , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में ईसानगर क्षेत्र स्थित पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर ट्रक और मैजिक वाहन की टक्कर में दस लोगों की मृत्यु हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह ऊंच गांव और भरेहटा के बीच तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया। बाद में उपचार के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर दस हो गई।

मृतकों में संविलियन विद्यालय रायबोझा, मिहींपुरवा में तैनात सहायक अध्यापिका गायत्री वैश्य भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षक समुदाय और शिक्षा विभाग में शोक व्याप्त हो गया।

हादसे में जयदीप सिंह (25) निवासी मंगोड़िया थाना मोतीपुर बहराइच, अदनान खान (15) निवासी रामपुर थाना कोतवाली सदर खीरी, पवन (23) निवासी रामबचन पुरवा थाना मूर्तिहा बहराइच, सोहन (21) निवासी रामबचन पुरवा थाना मूर्तिहा बहराइच, राम गोयल (42) निवासी मिहींपुरवा बहराइच, सहज राम (35) निवासी ककरहा थाना मूर्तियां बहराइच, पप्पू गौतम (18) निवासी देवतापुर थाना खैरीघाट बहराइच, गायत्री वैश्य (44) निवासी विजयलक्ष्मी थाना कोतवाली सदर सीतापुर, जुलेखा (60) निवासी पालतू पुरवा थाना धौरहरा खीरी तथा कैलाश वर्मा (40) निवासी अमेठी थाना धौरहरा खीरी की मृत्यु हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित