लखीमपुर खीरी , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक युवक का अचानक तेंदुआ से सामना हो गया। हमले के बावजूद युवक ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को काबू में कर रस्सी से बांध दिया। इस दौरान युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और वन विभाग के सूत्रों के अनुसार घटना धौरहरा वन रेंज के देवी पुरवा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुई। गांव निवासी अंकुल भार्गव (30) अपने खेत पर किसी व्यक्ति को बुलाने गए थे। इसी दौरान गेहूं के खेत की ओर से उन्हें किसी जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी।

आवाज की दिशा में बढ़ने पर सामने अचानक तेंदुआ आ गया और उसने युवक पर हमला कर दिया। हमले के दौरान अंकुल जोर-जोर से चिल्लाकर गांव वालों को मदद के लिए बुलाने लगे। संघर्ष के दौरान उनका एक हाथ घायल हो गया, लेकिन साहस दिखाते हुए उन्होंने तेंदुए को काबू में कर खेत में रस्सी से बांध दिया।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और बंधे हुए तेंदुए को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने अंकुल के साहस की सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित