लखीमपुर खीरी 11 मार्च , (वार्ता ) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में इन दिनों बंदरों के आतंक से लोग परेशान है। शहर के बहादुर नगर मोहल्ले में स्थित विद्यालय के गेट पर बच्चों पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आज स्कूल के आसपास पहुंचे दर्जनों बंदरों ने बच्चों को घेर लिया । जिससे वहां अफरा-तफरी मच गयी। स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना सैकड़ों की संख्या में खतरनाक बंदरों का झुंड शहर के कई रिहायशी मोहल्लों में पहुंच जाता है और लोगों पर हमला कर देता है। कई लोग इन बंदरों के हमले में घायल भी हो चुके हैं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं।

शहरवासियों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से बंदरों को पकड़ने या उनसे राहत दिलाने के लिए अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन खतरनाक बंदरों को पकड़वाकर बच्चों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित