लखीमपुर खीरी , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में स्वाट और सर्विलांस टीम ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दर्जनों तमंचे, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने रविवार को बताया कि थाना खमरिया क्षेत्र के ग्राम लुधौनी से निकली नदी किनारे छप्पर डालकर अवैध शस्त्र निर्माण का काम संचालित किया जा रहा था। इस धंधे में जमील उर्फ भुर्जी निवासी सीतापुर और रोज अली निवासी लखीमपुर खीरी लंबे समय से संलिप्त थे।
पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से चार तमंचे .315 बोर, पांच तमंचे 12 बोर, 13 अर्धनिर्मित तमंचे, 12 बोर तथा .315 बोर के कारतूस और निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित