लखीमपुर खीरी , मई 04 -- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों के त्वरित सत्यापन और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद को मिले 1433 जोड़ों के लक्ष्य को जनसंख्या के आधार पर ब्लॉकवार और नगर निकायवार विभाजित कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने कहा कि यह योजना सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है और इसका लाभ पात्र परिवारों तक समय से पहुंचना चाहिए। डीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम, बीडीओ और ईओ वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
ब्लॉकवार लक्ष्य के तहत बांकेगंज को 78, बेहजम 72, बिजुआ 78, धौरहरा 58, ईसानगर 81, कुम्भी गोला 87, लखीमपुर 113, मितौली 89, मोहम्मदी 82, नकहा 71, निघासन 105, पलिया 81, पसगवां 98, फूलबेहड़ 85 तथा रमियाबेहड़ को 88 जोड़ों का लक्ष्य दिया गया है।
नगर निकायों में नगर पालिका परिषद लखीमपुर को 54, गोला 21, मोहम्मदी 17, पलिया 15 तथा नगर पंचायतों में खीरी टाउन 12, ओयल 5, सिंगाही 7, मैलानी 5, बरबर 5, धौरहरा 10, निघासन 9 और भीरा को 7 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद आयोजित विवाह कार्यक्रम समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पीडी एसएन चौरसिया, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित