भोपाल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। अब यह विभाग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास रहेगा। इस बदलाव के बाद लखन पटेल के पास केवल आनंद विभाग का प्रभार रह गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना जारी कर दी है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह लखन पटेल को मुख्यमंत्री निवास बुलाकर इस विषय पर चर्चा की। हालांकि विभाग परिवर्तन की अधिसूचना एक दिन पहले ही जारी की जा चुकी थी।
विभागीय फेरबदल के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज साधन, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय तथा पशुपालन एवं डेयरी सहित वे सभी विभाग रहेंगे, जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, स्वावलंबी गोशालाओं के लिए संस्थाओं को भूमि आवंटन के मामले को लेकर सरकार में असंतोष था। बताया जा रहा है कि चयनित कुछ संस्थाओं की कार्यक्षमता पर सवाल उठने के बावजूद उन्हें कार्य दिए जाने की तैयारी थी। इस संबंध में पिछले कुछ महीनों से मुख्यमंत्री स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही थी। सूत्रों का यह भी कहना है कि मामले की शिकायत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मोहन यादव सरकार में मंत्री नागर सिंह चौहान से भी वन एवं पर्यावरण विभाग वापस लिया गया था। बाद में यह विभाग रामनिवास रावत को सौंपा गया था। उपचुनाव में उनकी हार के बाद वन विभाग भी मुख्यमंत्री के पास ही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित