रायपुर , अगस्त 09 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को लखनपुर में जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से मिशन एजुकेशन द्वारा संचालित स्टेशनरी दान अभियान में सहभागिता की। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का दान कर अभियान को समर्थन दिया।
मिशन एजुकेशन की ओर से संचालित इस अभियान के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को कॉपियां, पेन, पेंसिल, रबर, ज्योमेट्री बॉक्स सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि संसाधनों के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। किसी बच्चे की पढ़ाई में किया गया सहयोग केवल सामग्री का दान नहीं, बल्कि उसके बेहतर भविष्य की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। समाज के सक्षम लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में योगदान देना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास किसी बच्चे के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन मिलने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
मंत्री ने मिशन एजुकेशन की पहल की सराहना करते हुए आम नागरिकों से भी ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित