चेन्नई , मई 10 -- जॉश इंग्लिस (85) और शाहबाज अहमद (नाबाद 43) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आठ विकेट पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आज यहां चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए जॉश इंग्लिस ने पावर प्ले में आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 5.1 ओवर में टीम का स्कोर 77 रन पहुंचा दिया। अंशुल कम्बोज ने इंग्लिस के जोड़ीदार मिचेल मार्श को आउट कर चेन्नई की मैच में वापसी कराई। इसके बाद निकोलस पूरन (एक) को नूर अहमद ने आउट कर पवेलियन भेज दिया। इस दौरान जोस इंग्लिस ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 17 गेंद में छह चौके और चार छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल के इतिहास में लखनऊ के लिए किसी भी बल्लेबाज द्वारा जड़ा तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। निकोलस पूरन दो बार, आसीबी के खिलाफ 15 गेंदों में और मुम्बई इंडियंस के खिलाफ 16 गेंदों अर्धशतक बनाने का कारनामा कर चुके है।

10वें ओवर में जेमी ओवर्टन ने जॉश इंग्लिस को आउटकर लखनऊ के बड़े स्कोर बनाने की उम्मीद को ध्वस्त कर दिया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने कप्तान ऋषभ पंत (15) का भी शिकार कर लिया। जॉश इंग्लिस ने 33 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के लगाते हुए 85 रनों की पारी खेली। एडन मारक्रम (एक) और अक्षत रघुवंशी (18) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद हिम्मत सिंह और शाहबाज अहमद ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 50 रनों की साझेदारी हुई। पारी के आखिरी ओवर में अंशुल कम्बोज ने हिम्मत सिंह (17) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगली ही गेंद पर मोहम्मद शमी (शून्य) पर रनआउट हुये। शाहबाज अहमद ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम के स्कोर को 203 रन पहुंचा दिया। शाहबाज अहमद ने 25 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 43 रन बनाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित