लखनऊ , मई 4 -- राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। तेज रफ्तार हवा और आसमान पर छायी काला घटाओं से सुबह से आगाज हुआ जिससे कुछ समय तक दिन में भी रात का अहसास हुआ और तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गयी।

लखनऊ,बाराबंकी,हरदोई,शाहजहांपुर,बरेली और गौतमबुद्ध नगर समेत कई जिलों में मध्य रात्रि के बाद से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था और सुबह तक कई इलाके तूफानी हवाओं और बारिश का गवाह बन चुके थे। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के तहत कई जिलों में मध्यम स्तर के गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-60 किमी प्रति घंटा) चलने, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इनमें उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा अयोध्या, अमेठी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, हमीरपुर, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, कासगंज, अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, अमरोहा और मुरादाबाद समेत कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई गई है।

विभाग ने कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों एवं कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े न होने तथा बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

आईएमडी के अनुसार यह मौसमीय गतिविधियां स्थानीय स्तर पर विकसित हो रहे सिस्टम के कारण उत्पन्न हो रही हैं और दिन के दौरान स्थिति में बदलाव संभव है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित