लखनऊ , अक्टूबर 1 -- लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश हॉस्टल में मेस के भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं ने बुधवार देर रात जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने मेस के खाने में कीड़े मिलने का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कुलपति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं।

छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल की मेस में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बुधवार को भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद छात्राओं का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने कुलपति कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारी छात्राएं कुलपति से मुलाकात की मांग कर रही थीं। उनका कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगी। कुलपति से मुलाकात नहीं होने पर प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहीं तीन छात्राओं के बेहोश होने की भी सूचना है। छात्राओं के कुलपति आवास की ओर बढ़ने की कोशिश के बाद विश्वविद्यालय परिसर के गेट बंद करा दिए गए।

मामला बढ़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने हॉस्टल की मेस बंद करने का आदेश जारी किया। प्रशासन की ओर से भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं की शिकायत पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। छात्राओं ने मेस की व्यवस्था की जांच कराने, भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनकी शिकायतों के स्थायी समाधान की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित