कानपुर , अक्टूबर 22 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर, पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ साइंसेज (पीएएस) और पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज (पीएएसएस), वेटिकन सिटी के संयुक्त तत्वावधान में तीन और चार नवंबर को लखनऊ में जलवायु अनुकूलन पर क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
'जलवायु समिट एवं अनुकूलन के लिए पुनर्योजी कृषि, जल और ऊर्जा पर ग्रामीण भारत क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन' में गंगा के मैदानी क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान पर विशेष रूप से चर्चा होगी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे।
आईआईटी कानपुर में कोटक महिंद्रा बैंक के सहयोग से स्थापित कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी के माध्यम से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य विज्ञान और नीतिगत उपायों के जरिए जलवायु अनुकूलन क्षमता बढ़ाना, कृषि की स्थिरता सुनिश्चित करना और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना है।
सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब बढ़ते तापमान, मानसून की अनिश्चितता, भूजल पर बढ़ता दबाव और मृदा क्षरण ग्रामीण क्षेत्रों के सामने गंभीर चुनौतियां बन रहे हैं। इनका असर जल, ऊर्जा, जनस्वास्थ्य और आजीविका पर भी पड़ रहा है। सम्मेलन में मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु-अनुकूल कृषि और ग्रामीण समुदायों की मजबूती को एकीकृत करने वाले उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
वर्ष 2024 में वेटिकन में आयोजित वैश्विक जलवायु अनुकूलन शिखर सम्मेलन के बाद इस पहल के तहत अमेरिका के कैलिफोर्निया और मैसाचुसेट्स, नैरोबी, वियना, ब्रासीलिया तथा डकार सहित विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रीय संवाद आयोजित किए जा चुके हैं। भारत में होने वाला यह सम्मेलन वैश्विक पहल को ग्रामीण भारत और गंगा के मैदानी क्षेत्र की विशिष्ट परिस्थितियों से जोड़ने का प्रयास करेगा।
सम्मेलन में पुनर्योजी कृषि प्रमुख विषय होगा। इसमें मृदा स्वास्थ्य सुधारने, मिट्टी की जल धारण क्षमता बढ़ाने, भूजल पुनर्भरण को प्रोत्साहित करने, जैव विविधता को बढ़ावा देने, संसाधनों का दक्ष उपयोग करने और ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी लाने के उपायों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही मृदा विज्ञान, जल विज्ञान, सटीक कृषि, स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटल निगरानी में हुई प्रगति को व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले कृषि एवं जलवायु समाधानों में बदलने की संभावनाओं पर भी मंथन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित