लखनऊ , सितंबर 19 -- उत्कर्ष ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राजधानी के कैसरबाग स्थित यूपी प्रेस क्लब में 20 और 21 सितंबर को थारू जनजाति की लोक कला पर आधारित दो दिवसीय एकल कला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार को प्रातः 11 बजे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे।

अकादमी की सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार डॉ. स्मिता तिवारी द्वारा तैयार चित्रों में थारू जनजाति के पारंपरिक रहन-सहन, लोक परंपराओं, भित्ति चित्रों और प्रकृति के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता गुलाचीन हनुमान मंदिर, लखनऊ के महामंडलेश्वर हरेराम दास महाराज करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मिल्कीपुर (अयोध्या) के विधायक चंद्रभानु पासवान और भाजपा अवध क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय सदस्य विनोद जायसवाल उपस्थित रहेंगे।

अकादमी के अध्यक्ष एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री (कलाभूषण) डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और लोक कला को व्यापक स्तर पर सामने लाना है। उन्होंने कहा कि जनजातीय कला भारतीय संस्कृति की प्राचीन अभिव्यक्तियों में से एक है, जिसमें लोकजीवन और प्रकृति से जुड़ी परंपराओं की झलक मिलती है। थारू जनजाति की कला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने बताया कि डॉ. स्मिता तिवारी के चित्रों में थारू समाज की जीवनशैली, परंपराओं और प्रकृति के साथ उनके संबंधों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी का समापन सोमवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के आमंत्रित सदस्य महंत कमल नयन दास महाराज, वरिष्ठ पत्रकार शिवशरण सिंह और ललित कला अकादमी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर की उपस्थिति में होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित