लखनऊ , नवंबर 04 -- इंडियन इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईईईएमए) लखनऊ में इलेक्रामा 2027 का प्रीव्यू आयोजित करेगा। इसमें क्षेत्रीय उद्योग प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और अन्य हितधारक इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी नवाचार तथा ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर चर्चा करेंगे।

आईईईएमए के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजन इलेक्रामा 2027 का आयोजन 20 से 24 फरवरी तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में किया जाएगा। 'हार्नेसिंग द पावर ऑफ आई' थीम पर आधारित इस आयोजन में 1,100 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, इसमें करीब पांच लाख आगंतुकों के पहुंचने, 25 हजार से अधिक कारोबार संबंधी बैठकें होने और 500 से ज्यादा आमंत्रित खरीदारों के भाग लेने की संभावना है। इसमें 10 से अधिक देशों के पवेलियन भी होंगे। जर्मनी को आयोजन का साझेदार देश बनाया गया है।

आईईएमए के अध्यक्ष निर्वाचित और इलेक्रामा 2027 के चेयरमैन हरटेक सिंह ने कहा कि इलेक्रामा वैश्विक इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण उद्योग का प्रमुख मंच है। इसका आगामी संस्करण अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें दुनिया भर के उद्योग प्रतिनिधियों को नवाचार प्रदर्शित करने और आपसी सहयोग बढ़ाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत अपने विद्युत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ऊर्जा परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में यह आयोजन भारतीय उद्योग की क्षमताओं को वैश्विक बाजार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

आईईईएमए की उत्तरी क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज सिद्दीकी ने कहा कि देश के इलेक्ट्रिकल और पावर क्षेत्र में उत्तरी भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। विनिर्माण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों के बीच लखनऊ का प्रीव्यू क्षेत्रीय उद्योग जगत को अपनी क्षमताएं और संभावनाएं सामने रखने का मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि जर्मनी के साझेदार देश के रूप में शामिल होने से आयोजन को अंतरराष्ट्रीय आयाम मिलेगा और भारतीय उद्योग को वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित