लखनऊ , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से7.75 कुंतल गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.93 करोड़ रुपये आंकी गयी है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले शातिर तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी के तहत एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में 11 मार्च को एसटीएफ की टीम लखनऊ क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि एक ट्रक में ओडिशा से अवैध गांजा लोड कर रायबरेली होते हुए लखनऊ लाया जा रहा है। यह भी जानकारी मिली कि गांजे की खेप को रायबरेली-लखनऊ रोड से नगराम जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के आगे किसी स्थान पर उतारा जाएगा।

सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टाटा अल्ट्रा डीसीएम ट्रक में बनी गुप्त कैविटी से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद ट्रक चालक कौशल कुमार , निवासी मुरादपुर थाना बिंदकी, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित