लखनऊ , अप्रैल 13 -- राजधानी लखनऊ में सांसद खेल महोत्सव-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस खेल आयोजन का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। प्रतियोगिता 13 से 15 अप्रैल तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।

महोत्सव में लखनऊ की पांच विधानसभा क्षेत्रों लखनऊ मध्य, पश्चिमी, उत्तरी, पूर्वी और कैंट के खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मोमेंटो, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा पांच प्रशिक्षकों, दो पत्रकारों तथा पांच उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मानित खिलाड़ियों में कुश्ती, क्रिकेट, पैरा बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हॉकी, सॉफ्ट टेनिस और हैंडबॉल से जुड़े खिलाड़ी शामिल रहे। समारोह में खेलों के विकास और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन समिति के अनुसार सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता के पहले दिन ताइक्वांडो समेत विभिन्न स्पर्धाओं के मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को आगामी चरणों में सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, खेल विभाग के अधिकारियों और खिलाड़ियों ने महोत्सव को युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित