लखनऊ , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कृष्णानगर पुलिस ने रामबाबू मौर्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पत्नी ने प्रेम संबंध के चलते अपने पति की हत्या की साजिश रची थी और उसके रिश्तेदार नीरज मौर्य ने चाकू से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार हरदोई रोड स्थित ग्राम गोला कुआं निवासी श्याम बाबू मौर्य की तहरीर पर 14 सितंबर को कृष्णानगर थाने में रामबाबू मौर्य (32) की हत्या के संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना 13/14 सितंबर की रात की है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने करीब 180 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी, मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से नीरज मौर्य और मृतक की पत्नी पुष्पा मौर्य को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुष्पा ने बताया कि उसका विवाह रामबाबू से करीब 12 वर्ष पहले हुआ था। पिछले कुछ समय से उसके रिश्तेदार नीरज मौर्य से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी रामबाबू को होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था और नीरज का घर आना-जाना बंद हो गया था।
पुलिस के अनुसार दोनों ने रामबाबू की हत्या की पूर्व नियोजित साजिश रची। योजना के तहत पहले रामबाबू की मोटरसाइकिल गायब कराई गई और बाद में नीरज ने उसकी मोटरसाइकिल बरामद कराने में मदद की, जिससे उसने रामबाबू का दोबारा विश्वास हासिल कर लिया और घर आने-जाने लगा।
पुलिस का कहना है कि घटना के दिन पुष्पा ने पति को बालाजी दर्शन के लिए जाने की बात बताकर घर से बाहर चली गई। इसके बाद नीरज ने रामबाबू को पार्टी करने के बहाने कृष्णानगर बुलाया और शराब पिलाई। इसी दौरान घरेलू चाकू से रामबाबू के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद नीरज मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद नीरज ने मृतक के भाई को गुमराह करने वाली सूचना दी, जबकि पुष्पा वापस लौटकर मृतक के परिजनों के साथ आसपास मौजूद रही, ताकि पुलिस को उस पर संदेह न हो। गिरफ्तार नीरज मौर्य (30) कानपुर नगर के बिठूर थाना क्षेत्र के पैगूपुर नया पुरवा का निवासी है, जबकि पुष्पा मौर्य (30) लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के गोला कुआं की निवासी है।
पुलिस के अनुसार नीरज के खिलाफ कानपुर नगर के बिठूर पश्चिमी थाने में वर्ष 2018 में हत्या समेत संबंधित धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कृष्णानगर थाने में दर्ज मुकदमे में धारा 103(1)/61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित