जौनपुर , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने जौनपुर निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के टेकारी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र संदीप सिंह किसी काम से बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें एक गोली उनके सिर के पास लगी। गोली लगते ही संदीप सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने गंभीर रूप से घायल संदीप को तत्काल एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टेकारी गांव निवासी विनोद सिंह ने बताया कि संदीप मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे तथा दो दिन पहले ही गांव आए थे। वहीं उनके रिश्तेदार मनोज सिंह ने बताया कि संदीप वर्ष 2018 से प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने अपनी पढ़ाई भी लखनऊ में ही की थी। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित