लखनऊ , जून 22 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को तीन मंज़िला इमारत में लगी भीषण आग में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी और 20 से ज़्यादा झुलस गये।

कुछ मीडिया रिपोर्ट में हालांकि इस हादसे में 14 लोगों की मौत होने की खबरे हैं। मृतकों में ज़्यादातर छात्र हैं। मृतक 20 से 24 साल की उम्र के थे। हादसे में झुलसे 10 लोगों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। आग अपराह्न करीब दो बजे लगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ का दौरा रद्द करते हुए लखनऊ लौट रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार आग दूसरी मंज़िल पर एक कोचिंग इंस्टीट्यूट और एक अन्य सेंटर में लगी। आग लगने पर छात्र बाथरूम में बंद हो गये थे। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंज़िल से छलांग लगायी, लेकिन वह नीचे ग्रिल पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौजूद हैं। आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पहुंच गयी हैं। अग्निशमन कर्मियों ने इमारत की पिछली दीवार तोड़ दी है, जिसके ज़रिए शवों को बाहर निकाला जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित