लखनऊ , जून 22 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि इस हादसे में अनेक लोगों की मौत तथा कई लोगों के घायल होने की घटना अति-दुखद है।
सुश्री मायावती ने कहा, "इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं।" उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बसपा प्रमुख ने कहा कि ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिए सबको मिलकर सही से काम करने की जरूरत है। उन्होंने नसीहत दी कि सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा।
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई थी। हादसे में कई छात्र घायल हुए और कुछ के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी। आग इतनी तेज थी कि जान बचाने के लिए कई छात्र दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित