नागपुर , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैफे मालिक शिवा शर्मा की कथित हत्या के मामले में वांछित फैशन मॉडल श्रद्धा दुबे को मंगलवार को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि 31 वर्षीय सुश्री दुबे पिछले 11 दिनों से गिरफ्तारी से बच रही थी और वर्धा रोड स्थित एक फ्लैट में छिपी हुई थी। नागपुर पुलिस की अपराध शाखा की मदद से टीम ने उसे अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे पकड़ लिया। वह कथित तौर पर श्री शर्मा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी।

उल्लेखनीय है कि 28 वर्षीय श्री शर्मा की नौ अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित बालू अड्डा इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल की बालकनी से गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन बाद में मृतक के परिजनों के मारपीट और प्रताड़ित करने के बाद इमारत से नीचे फेंके जाने का आरोप लगाए जाने पर इसे संदिग्ध हत्या का मामला माना गया।

सुश्री दुबे इस मामले में मुख्य आरोपियों में से एक है। हजरतगंज पुलिस ने उसकी बहन रश्मि, उनके ड्राइवर और दो अन्य लोगों के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया है। लखनऊ पुलिस ने शुरुआत में सुश्री दुबे, रश्मि और एक अन्य आरोपी तनवीर अली उर्फ दानिश की गिरफ्तारी की सूचना देने पर 25,000-25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 50,000-50,000 रुपये कर दिया गया था।

यह मामला रविवार को मॉडल सुश्री दुबे का एक वीडियो इंटरव्यू सामने आने के बाद फिर से चर्चा में आया, जिसमें उसने श्री शर्मा की मौत में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया था और दावा किया था कि उसने वित्तीय कठिनाइयों के कारण आत्महत्या की थी। सुश्री दुबे के मुताबिक, श्री शर्मा पर 15 लाख से 20 लाख रुपये का कर्ज था और उसने राशि न चुका पानेपर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की बात कही थी।

मॉडल सुश्री दुबे ने नौ अक्टूबर की घटनाओं को याद करते हुए दावा किया था कि शिवा उसके आवास पर बाथरूम में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उसने अपनी बहन से उसे देखने को कहा, लेकिन दरवाजा खुलने से पहले ही वह बालकनी से कूद गया। सुश्री दुबे ने श्री शर्मा को प्रताड़ित किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज से उसकी मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल जाएगा। उसने पुलिस को श्री शर्मा का मोबाइल फोन सौंपने का भी दावा किया था।

दूसरी ओर, श्री शर्मा की मां रंजना ने मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है और सुश्री दुबे की आत्महत्या वाली कहानी को खारिज कर दिया है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि उसने पुलिस के सामने यह बात पहले क्यों नहीं रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित